कोटकपूरा प्रकरण : CM अमरिंदर ने दी सुखबीर बादल को नसीहत, कहा- ‘मामला अभी नहीं हुआ खत्म’

Summary :

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने 2015 के कोटकपूरा गोलीबारी प्रकरण में हाई कोर्ट के आदेश पर ‘बीच में कूदने’ को लेकर शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल का उपहास किया।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने 2015 के कोटकपूरा गोलीबारी प्रकरण में हाई कोर्ट के आदेश पर ‘बीच में कूदने’ को लेकर शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल का उपहास किया। उन्होंने अकाली दाल के नेता बादल से ‘खुशियां मनाने से दूर रहने’ की नसीहत दी क्योंकि मामला अभी खत्म नहीं हुआ है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने कोटकपूरा में सिख प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की राज्य सरकार की एसआईटी जांच रिपोर्ट शुक्रवार को खारिज कर दी थी। 
बता दें कि ये लोग 2015 में फरीदकोट में गुरू ग्रंथ साहिब की बेदअबी के विरूद्ध प्रदर्शन कर रहे थे। न्यायमूर्ति राजबीर सहरावत की पीठ ने राज्य सरकार को आईपीएस कुंवर विजय प्रताप सिंह को अलग रखकर फिर से विशेष जांच दल के गठन का आदेश भी दिया था। बादल ने शनिवार को कहा था कि अदालत के आदेश से स्पष्ट हो गया है कि मुख्यमंत्री की दोषियों का पता लगाने में रूचि नहीं थी और वह बस बादल परिवार को फंसाने के लिए इस मामले का इस्तेमाल कर रहे थे, इसलिए एसआईटी बनायी गयी।
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने रविवार को बादल से ‘‘जीत का दावा करने से पहले कम से कम आदेश की प्रति का इंतजार कर लेने को कहा।” उन्होंने कहा,‘‘किसी भी मामले में फैसला जो भी हो, मैं एसआईटी के साथ खड़ा हूं जिसने कहीं भी सुखबीर सिंह बादल के परिवार को इस जघन्य अपराध से मुक्त नहीं किया है क्योंकि इस प्रकरण में निर्दोष लोगों को जान गंवानी पड़ी।’’ अमरिंदर सिंह ने कह कि उनकी सरकार इस आदेश को चुनौती देगी।

Desk Team