कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी प्रभावी और मजबूत नेता के रूप में उभरे हैं और पार्टी अपने प्रचार अभियान के माध्यम से एक बार फिर से गति पकड़ रही है। यह बात आज पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कही। उन्होंने कहा, इन वर्षों में राहुल एक प्रभावी और मजबूत नेता के रूप में उभरे हैं और उनमें काफी राजनीतिक परिपक्वता आई है और वह लोगों से निकटता बना रहे हैं। एक अच्छे नेता में और क्या चाहिए?
अमरिंदर सिंह से जब पूछा गया कि वह राहुल को पार्टी प्रमुख बनाए जाने को किस तरह से देखते हैं तो उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस का सौभाज्ञ बढ़ेगा। उन्होंने कहा, आप देख सकते हैं कि कांग्रेस फिर से गति पकड़ रही है और राहुल इसके कई कार्यक्रमों और प्रचार की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा से लेकर नगर निगम और विश्वविद्यालय चुनावों तक पिछले कुछ महीने से पार्टी जीत दर्ज कर रही है जिसकी शुरुआत पंजाब विधानसभा चुनावों में जीत के साथ हुई।
उन्होंने कहा कि राहुल को पार्टी प्रमुख बनाए जाने से पार्टी को बढ़ावा मिलेगा। पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हाल के महीने में कांग्रेस के उत्थान से इसमें काफी बदलाव आए हैं और 2019 के लोकसभा चुनावों में यह और मजबूत होगा। कांग्रेस ने पंजाब में गुरदासपुर लोकसभा सीट और मध्यप्रदेश में चित्रकूट विधानसभा सीट पर हाल में जीत दर्ज की है।
यह पूछने पर कि क्या हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनावों के परिणाम से 2019 के चुनावों पर असर होगा, तो उन्होंने कहा कि कोई भी चुनाव लोकप्रियता को दर्शाता है और हिमाचल प्रदेश तथा गुजरात में मैं देख रहा हूं कि कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन कर रही है और यह लोगों की भावनाओं का संकेत है और इससे 2019 में पार्टी के प्रदर्शन पर अच्छा असर होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदर्शन की रेटिंग करने के बारे में पूछने पर सिंह ने कहा कि किसी नेता के प्रदर्शन का आकलन कोई दूसरा नेता नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि लोगों को उनका आकलन करना होता है और 2019 के चुनावों में लोगों के फैसले का पता चल जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



