भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां रविवार को पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बडनोर से मुलाकात की और पार्टी विधायक अरुण नारंग पर हुए हमले को लेकर राज्य सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश कर रहे थे।
गौरतलब है कि शनिवार को कथित तौर पर तीन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने विधायक के साथ हाथापाई की थी और उनके कपड़े भी फाड़ दिए थे। राज्यपाल को सौंपे एक ज्ञापन में भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्य की कांग्रेस सरकार के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं पर हमले किए जा रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से कहा कि सत्तारूढ़ दल द्वारा समर्थित उपद्रवियों के माध्यम से, राजनीति से प्रेरित होकर नारंग पर हिंसक हमले करवाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस सरकार को बर्खास्त करने और राज्य में कानून व्यवस्था बहाल करने का आह्वान किया। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि राज्यपाल ने बाद में मुख्यमंत्री को फोन किया और इस मुद्दे पर अपनी चिंता से अवगत कराया।
राज्यपाल ने हमले की निंदा की और कहा कि सरकारी अधिकारी किसी पर भी इस तरह के गैरकानूनी और हिंसक हमले की अनुमति नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए और दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने आरोपियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर राज्य सरकार से रिपोर्ट भी मांगी। हमले की कड़ी निंदा करते हुए मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को कानून को अपने हाथ में लेकर राज्य की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी।


Download Android App
Download iOS App



