महामारी के बाद अर्थव्यवस्था की पुनर्बहाली के लिए पंजाब में विशेषज्ञ समूह का मार्गदर्शन करेंगे पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह

Summary :

राज्य सरकार ने 25 अप्रैल को प्रख्यात अर्थशास्त्री और योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अलूवालिया के नेतृत्व में विशेषज्ञों की समिति का गठन किया था ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को पुनर्बहाल किया जा सके

देश इस वक्त कोरोना महामारी के संकट से जूझ रहा है। महामारी के चलते देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। साथ ही  तमाम राज्यों की भी अर्थव्यवस्था पूरी तरह से तहस-नहस हो चुकी है। इस बीच, पंजाब राज्य की अर्थव्यवस्था की पुनर्बहाली की रणनीति के लिए बनाए गए विशेषज्ञों के समूह का मार्गदर्शन करेंगे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह। राज्य के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मैंने डॉक्टर मनमोहन सिंह जी को पत्र लिखा कि मोंटेक सिंह अहलूवालिया के नेतृत्व में विशेषज्ञों के समूह का मार्गदर्शन करें और इसे स्वीकार करने के लिए मैं उनका आभारी हूं। हम पंजाब को आर्थिक प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए कड़ी मेहनत करते रहे हैं और कोविड-19 के बाद हम इस पर फिर ध्यान केंद्रित करेंगे।’’

राज्य सरकार ने 25 अप्रैल को प्रख्यात अर्थशास्त्री और योजना आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अलूवालिया के नेतृत्व में विशेषज्ञों की समिति का गठन किया था ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को पुनर्बहाल किया जा सके। समूह में प्रमुख अर्थशास्त्री एवं उद्योग जगत के विशेषज्ञ शामिल हैं जो पंजाब सरकार को लघु अवधि और दीर्घ अवधि में योजना की अनुशंसा करेंगे ताकि कोविड-19 संकट के बाद राज्य की अर्थव्यवस्था फिर से बहाल की जा सके।

Desk Team