गुरदासपुर से सांसद और बॉलीवुड अभिनेता सन्नी देओल ने यहां डेरा बाबा नानक में करतारपुर गलियारे पर काम की प्रगति की शनिवार को समीक्षा की। उन्होंने अपने टि्वटर हैंडल पर करतारपुर गलियारे पर काम की समीक्षा करते हुए अपनी तस्वीरें पोस्ट की। लोकसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार 59 वर्षीय भाजपा सांसद ने करतारपुर गलियारे स्थल का दौरा किया।

अधिकारियों ने बताया कि उनके साथ यहां डेरा बाबा नानक में जिला प्रशासन के अधिकारी, बीएसएफ कर्मी और अन्य लोग मौजूद थे। वह वहां केवल आधा घंटा रुके। भारतीय सीमा की ओर करतारपुर गलियारे का निर्माण 30 सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। करतारपुर गलियारा पाकिस्तान के नरोवाल में गुरुद्वारा दरबार साहिब को गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक से जोड़ता है। यह कोरिडोर भारत से सिखों को पाकिस्तान में स्थित अपने पवित्र स्थल तक बिना वीजा के जाने की सुविधा उपलब्ध कराएगा।
ममता, चंद्रशेखर राव और अमरिंदर सिंह नहीं लेंगे नीति आयोग की बैठक में हिस्सा
यह गुरु नानक देव की 550वीं जयंती पर नवंबर में श्रद्धालुओं के लिए खुलेगा। इस बीच, पंजाब के सहयोग मंत्री और डेरा बाबा नानक के विधायक सुखजिंदर सिंह रंधावा ने देओल से गुरु नानक देव से जुड़े शहरों में ढांचागत परियोजनाओं और विशेष कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त निधि की व्यवस्था करने के लिए कहा।
भाजपा सांसद पर निशाना साधते हुए रंधावा ने कहा, ‘‘उनकी (देओल) कोई राजनीतिक दूरदृष्टि नहीं है। उन्हें यह जानने के लिए यहां स्थानीय विधायकों को आमंत्रित करना चाहिए कि वे केंद्र से क्या चाहते हैं।’’ देओल ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार सुनील जाखड़ को 85,459 मतों के अंतर से हराया था।


Download Android App
Download iOS App



