हरसिमरत कौर बादल ने कांग्रेस पर साधे तीखे सवाल, कहा- उसको जनता से कोई लेना-देना नहीं

Summary :

पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने मंगलवार को पंजाब में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उसकी सरकार और नेता, कोविड के कारण होने वाली मौतों को रोकने पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय, पार्टी की राज्य इकाई में “मतभेद” को सुलझाने में लगे हैं।

कांग्रेस ने पार्टी की पंजाब इकाई में अंदरूनी कलह को सुलझाने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है और राज्य के विधायक तथा मंत्री दिल्ली में सोमवार से राज्यसभा सदस्य मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्त्व वाले पैनल के साथ बैठक कर रहे हैं।
विपक्षी शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की नेता हरसिमरत बादल ने ट्वीट किया, पंजाब कांग्रेस के भीतर मतभेदों को सुलझाने के लिए दिल्ली में बैठकें करने के बजाय, राज्य में अधिक कोविड मौतों को रोकने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए था! शर्म की बात है कि कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकताओं में जनता नहीं है, उसको जनता से कोई लेना-देना नहीं है!कोविड से होने वाली मौतों की संख्या को लेकर अमरिंदर सिंह सरकार की आलोचना करते हुए, उन्होंने राज्य सरकार के “निराशाजनक” प्रदर्शन पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी सवाल उठाया। 

शिअद की बठिंडा से सांसद ने एक अन्य ट्वीट में पूछा, लगातार 34 दिनों से, पंजाब में कोविड से 100 से अधिक मौतें हो रही हैं और मृत्यु दर राष्ट्रीय औसत से दोगुनी है। क्या कैप्टन अमरिंदर सिंह ने संकट को दूर करने के लिए एक भी कदम उठाया है? राहुल गांधी अपनी सरकार के निराशाजनक प्रदर्शन पर चुप क्यों हैं?

Desk Team