पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अधिकारियों को 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के कोविड-19 टीकाकरण की तैयारी करने के शुक्रवार को निर्देश दिए। पंजाब को इस सप्ताह के अंत तक कोरोना के टीके की करीब एक लाख खुराक मिल जाएंगी जिसके बाद इस आयु वर्ग के लोगों के लिए सोमवार से टीकाकरण शुरू होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि टीके के लिए पात्र समूहों की पहचान कर ली गयी है और जैसे ही टीके की खुराकों की खेप मिल जाएगी, तुरंत तीसरे चरण के टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी। राज्य सरकार ने 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों में निर्माण कार्य में जुटे कर्मचारी, शिक्षकों, सरकारी कर्मचारियों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के समूहों की पहचान कर ली है जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर टीके की खुराक दी जाएगी।
इससे पहले राज्य सरकार ने टीके की खुराकों की उपलब्धता नहीं होने के कारण एक मई से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान को टाल दिया था। मुख्यमंत्री ने बीमारियों से पीड़ित लोगों को छोड़कर सभी सरकारी कर्मचारियों को टीकाकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
तीसरे चरण के टीकाकरण अभियान के लिए राज्य सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया को कोविशील्ड टीके की 30 लाख खुराक का आर्डर दिया है। केन्द्र सरकार ने इस अभियान के लिए पंजाब सरकार को टीके की 3.30 लाख खुराक आवंटित की हैं।


Download Android App
Download iOS App



