लुधियाना-फिरोजपुर : काउंटर इंटेलिजेंसी और बीएसएफ की संयुक्त कार्यवाही के दौरान भारत -पाकिस्तान सरहद पर तस्करों और सुरक्षा जवानों में देर रात हुए मुकाबले में आमने-सामने गोली चलने की खबर है। हालांकि सरहद पार पाकिस्तान के तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते वापिस भाग निकलने में कामयाब रहें लेकिन इस पार बैठे 3 भारतीय तस्करों को पुलिस और बीएसएफ के जवानों ने पकडऩे में कामयाबी हासिल की। दबोचे गए तस्करों से 22 किलो हेरोइन, एक रिवालवर, एक मैगजीन और 11 कारतूस भी बरामद हुए है। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1अरब 10 करोड़ की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर स्थित हुसैनीवाला बार्डर के नजदीक बीओपी सतपाल चौकी के पास सीमा सुरक्षा बल और काउंटर इंटेलिजेंसी ने 22 किलो हेरोइन हथियारों और कारतूसों समेत काबू की है। यह बरामदी बीएसएफ की 105 बटालियन के जवानों ने तलाशी उपरांत हासिल की। सूत्रों के मुताबिक देर रात सीमापार से अचानक हुई हलचल को देखकर बार्डर पर तैनात जवानों ने ललकारा तो सरहद पार तस्करों ने उन पर फायर कर दिए। जवानों ने भी बिना देरी किए जवाबी फायर किए तो पाकिस्तान तस्कर नशे की खेप को वही छोडक़र गहरी धुंध का फायदा उठाते फरार होने में कामयाब रहें।
सरहद पार से आई हेरोइन को लेने आए भारतीय तस्करों को काउंटर इंटेलिजेंसी ने काबू किया। सरहद से बरामद हुई हेरोइन की पुष्टि करते हुए बीएसएफ के डीआईजी ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस नशे की कीमत 110 करोड़ रूपए बनती है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि नशे की सप्लाई प्लास्टिक पाइप के जरिए की जा रही थी। यह भी पता चला है कि इस संयुक्त आप्रेशन में जिन 3 तस्करों को काबू किया गया है उसके मुताबिक पाकिस्तान का मुख्य सरंगना मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सूत्रों के मुताबिक यह भी पता चला है कि पाकिस्तान के तस्करों की टोली में से एक को गोली भी लगी है।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



