लुधियाना-खन्ना : पंजाब में पिछले 2 साल के दौरान हिंदू नेताओं के टारगेट किलिंग के मामले में और खन्ना में 23 अप्रैल 2016 को हुए दुर्गा गुप्ता हत्याकांड में ट्रांजिट रिमांड पर चल रहे शार्प शूटर हरदीप सिंह शेरा के साथी जगतार सिंह जग्गी जौहल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट अमरजीत सिंह की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने जौहल से अभी और पूछताछ करने का तर्क देते हुए अदालत से दो दिनों का और रिमांड हासिल कर लिया है। इसके चलते पुलिस को टारगेट किलिंग मामलों में और सुराग मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों की मानें तो जग्गी जौहल की विदेशों में छिपे आतंकियों से अकसर बात होती रहती थी और जौहल को इनके ठिकानों की भी जानकारी है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि जग्गी जौहल पंजाब पुलिस को विदेशों में छिपे आतंकियों तक पहुंचाने में अहम रोल अदा कर सकता है।
बताया जाता है कि जौहल द्वारा टारगेट किङ्क्षलग मामलों में की जा रही फंडिंग की गहराई से पड़ताल के बाद ही उसके आतंकियों से नजदीकी उजागर हुई। इस कारण ही पुलिस आतंकियों के ठिकाने के बारे में और भी पूछताछ करना चाहती है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने इस पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी हैं।
उनका कहना है कि किसी भी तरह का खुलासा करने से जांच प्रभावित हो सकती है। गौरतलब है कि शेरा और रमनदीप ने दुर्गा गुप्ता हत्याकांड में जौहल की भागीदारी के बारे में अहम खुलासे किए थे। इसके आधार पर खन्ना पुलिस जौहल को ट्रांजिट रिमांड पर लाई थी।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



