करतारपुर कॉरिडोर : भारत ने पाकिस्तान से जल्द बैठक बुलाने को कहा

Summary :

भारत ने पाकिस्तान को प्रस्तावित करतारपुर कॉरिडोर से जुड़े प्रमुख फैसलों को अमलीजामा पहनाने के लिये तकनीकी स्तर पर बैठकें करने के बारे में याद दिलाया है। अधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

भारत ने पाकिस्तान को प्रस्तावित करतारपुर कॉरिडोर से जुड़े प्रमुख फैसलों को अमलीजामा पहनाने के लिये तकनीकी स्तर पर बैठकें करने के बारे में याद दिलाया है। अधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। 
भारत ने प्रस्ताव दिया था कि तकनीकी स्तर की बैठकें अगस्त के पहले सप्ताह में होनी चाहिए। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तान को इसका जवाब देना बाकी है, जिसके चलते भारतीय पक्ष उसे इस बारे में याद दिलाना पड़ा। 
भारत ने करतारपुर गलियारे के लिए व्यवस्थाओं को पूरा करने, अंतरिम संपर्क मार्ग के संरेखण (एलाइनमेंट) को अंतिम रूप देने, नोडल बिंदुओं के बीच तीर्थयात्रियों के बारे में जानकारी साझा करने और गलियारे के उपयोग से उत्पन्न होने वाली समस्याओं से निपटने संबंधी तंत्र विकसित करने के लिए बैठकों का आह्वान किया था। 
भारत ने करतारपुर कॉरिडोर के संचालन के लिए समझौते को अंतिम रूप देने के लिए एक प्रस्ताव भी साझा किया था। 
भारत को उम्मीद है कि पाकिस्तान इस वर्ष नवंबर में गुरु नानक की 550वीं जयंती तक करतारपुर कॉरिडोर को तैयार करने के लिए इन प्रस्तावों पर तेजी से काम करेगा। 

Shera Rajput