लुधियाना-मोगा : शिरोमणि अकाली दल के महासचिव और पूर्व केबिनेट मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया की सुरक्षा में तैनात काफिले की एक गाड़ी बीती देर रात दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण एक की मौत हो गई जबकि 4 लोग जख्मी हुए है। यह हादसा मोगा -कोटकपूरा बाइपास पर घटित हुआ। यह काफिला जालंधर से बठिण्डा जा रहा था। जख्मियों को लुधियाना के अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल करवाया गया है, जहां 2 की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कोटकपूरा रोड पर देर रात करीब डेढ़ बजे हुए पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के काफिले की सीआइएसएफ की गाड़ी बेकाबू होकर आ रहे ट्रक से जा टकराई और बाद में पलट गई। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को उपचार के लिए पहले मोगा के सिविल अस्पताल में लाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण लुधियाना के डीएमसी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पूर्व कैबिनेट मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया मुल्लापुर दाखा में हो रहे उपचुनाव को लेकर जनसभा को संबोधित करके देर रात मुक्तसर के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान मजीठिया के काफिले में आगे चल रही सीआइएसएफ की गाड़ी कोटकपूरा बाईपास स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर बेकाबू हो गई और ट्रक के साथ टकराने के बाद पलट गई।
काफिले में सवार मृतक कांस्टेबल की पहचान गुड्डू के रूप में हुई है। जबकि पांच लोग जीडी विमल, दिग्विजय कुमार, कमल कांत, हरमंदर सिंह और गाड़ी के ड्राइवर गुरभेज सिंह घायल हो गए। उन्हें पीछे आ रही दूसरी पायलट में सवार कर्मचारियों ने मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। बाद में डॉक्टरों ने सभी की हालत को गंभीर देखकर लुधियाना के लिए रेफर कर मामले की सूचना पुलिस को दे दी।
आसपास के लोगों के अनुसार गाड़ी पहले बेकाबू हो कोटकपूरा साइड से आ रहे एक ट्रक से टकराई। उसके बाद पलटी। क्षतिग्रस्त गाड़ी की दिशा भी बदल गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई और घटना की जांच शुरू कर दी।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



