पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आप सरकार ने अपने शासन के पहले वर्ष में काफी प्रगति की है और वह राज्य को बहुत समृद्ध बनाने के लिए विकास को गति देने जा रही है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने प्रति माह 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने, युवाओं के लिए सरकारी नौकरी और मुहल्ला क्लीनिक खोलने जैसी गारंटी को पूरा किया। उन्होंने कहा, ‘‘आकांक्षाओं और बड़ी उम्मीदों के साथ चुनी गई आप सरकार ने एक साल पूरा कर लिया है। पंजाबियों ने एक साल पहले आप को भारी जनादेश देकर इतिहास रच दिया था।’’ उल्लेखनीय है कि 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आप को 117 में से 92 सीट पर जीत मिली थी।

कर्मचारियों की सेवाएं भी नियमित की जाएंगी
मुख्यमंत्री मान ने कहा, एक साल के अंदर, हमने 26,797 सरकारी नौकरियां दीं। उन्होंने कहा कि राज्य में 87 प्रतिशत घरों को शून्य बिजली बिल प्राप्त हुआ है। मान ने कहा कि शिक्षा विभाग में 14,000 और अन्य विभागों में 14,000 अस्थायी कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि कानूनी बाधाओं को दूर कर ‘‘आउटसोर्स’’ कर्मचारियों की सेवाएं भी नियमित की जाएंगी। कृषि का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि उनकी सरकार ने मूंग की फसल पर एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) देने के साथ ही चावल की सीधी बुवाई को बढ़ावा देने के लिए 1,500 रुपये प्रति एकड़ भी दिया वहीं गन्ने पर 392 करोड़ रुपये के बकाये का भी भुगतान किया।
इस मामले में कुछ नहीं करने का आरोप लगाया
उन्होंने कहा कि पंजाब में 500 से अधिक मुहल्ला क्लीनिक खोले गए हैं और इन केंद्रों से 12 से 15 लाख लोगों ने लाभ उठाया है। उन्होंने इसे अपनी सरकार की अहम उपलब्धि करार दिया। मान ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब में छात्रों के लिए उत्कृष्ट स्कूल शुरू करेगी। उन्होंने बेअदबी मामले का भी जिक्र किया और पिछली सरकारों पर इस मामले में कुछ नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी से जुड़े मामलों में न्याय दिलाने का वादा किया था।
राज्य को ‘‘रंगला’’ पंजाब बनाने की दिशा में काम कर रही है
मान ने 2015 के कोटकपुरा पुलिस गोलीबारी का जिक्र करते हुए कहा कि 7,000 पृष्ठों का आरोपपत्र तैयार किया गया और पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम द्वारा की गई जांच में कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं था। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य को ‘‘रंगला’’ (जीवंत) पंजाब बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा, यदि आपने मुझ पर विश्वास किया है तो विश्वास बनाए रखें। मैं आपके विश्वास को कभी नहीं तोड़ूंगा। मान ने कहा कि उनकी सरकार मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू करेगी।


Download Android App
Download iOS App



