लुधियाना : श्री आनन्दपुर साहिब से सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस के प्रवक्ता व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने आज लुधियाना में पत्रकार वार्तालाप के दौरान कहा कि कि श्री करतारपुर साहिब के कॉरिडोर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सियासत नहीं करनी चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हरियाणा के ऐलनाबाद में एक चुनावी रैली के दौरान श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर बनाने के लिए भाजपा को श्रेय देने और कांग्रेस पर बीते 70 सालों के दौरान इस कार्य में विफल रहने सबंधी आरोप पर तिवारी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी पर सियासत करना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता। श्री करतारपुर साहिब के लिए मार्ग का निर्माण करना और वहां संगतो का माथा टेकने जाना दलगत राजनीति से ऊपर है।
दाखा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार कैप्टन सन्दीप संधू के हक में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए मनीष तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को ढेर कर दिया है। पीएमसी बैंक के डूबने से करीब 4 लोगों की मौत हो चुकी है और अर्थव्यवस्था धराशायी हो गई है। ऐसे में केंद्र सरकार को सबक सिखाने के लिए लोगों को कांग्रेस को वोट देनी चाहिए। राम मंदिर के मुद्दे पर मनीष तिवारी ने कहा कि काफी लंबे समय के बाद यह फैसला आ रहा है। इसके बाद वह इस मुद्दे पर कुछ भी कहने की बात को टाल गए।
हरियाणा में पार्टी की जीत को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा की तरह खोखली राजनीति करने में विश्वास नहीं रखती। हम प्रदर्शन पर विश्वास रखते हैं।
सीनियर अकाली नेता और राज्यसभा सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा की ओर से सदन में अकाली दल के नेता पद को छोडऩे बारे तिवारी ने कहा कि अकाली दल खत्म हो चुका है और ढींढसा जैसे सीनियर नेता का यह कदम इस बात का प्रमाण है।
भाई बलवंत सिंह राजोआना की फांसी को उम्रकैद में बदलने को लेकर कांग्रेस के स्टैंड पर उन्होंने कहा कि इस बारे में जो पक्ष मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का है, वही उनका है।
पहले पी चिदंबरम और उसके बाद प्रफ्फुल पटेल की गिरफ्तारी पर मनीष तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस के नेताओं को बिना किसी वजह के तंग किया जा रहा है। स्टार प्रचारकों में नाम होने के बावजूद नवजोत सिंह सिद्धू के गायब होने के पर मनीष तिवारी ने कहा कि इस संबंध में नवजोत सिंह सिद्धू ही कुछ बता दे सकते हैं।
– रीना अरोड़ा


Download Android App
Download iOS App



