पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने आज श्री दरबार साहिब के आसपास से अमृतसर में सफाई अभियान शुरू किया। उनके साथ अमृतसर के महापौर कर्मजीत सिंह रिंटू, वरिष्ठ उपमहापौर रमन बख्शी, उप महापौर यूनिस कुमार, निगमायुक्त सोनाली गिरी, संयुक्त निगमायुक्त सौरभ अरोड़ आदि भी उपस्थित थे।
सिद्धू सहित सभी अधिकारियों ने श्री दरबार साहिब के आसपास खुद झाड़ू लगाया और गन्दगी भी उठाई। तत्पश्चात सिद्धू सफाई कर्मचारियों के घर गुज्जरपुरा भी गए और वहां भी सफाई की। उन्होंने गुज्जरपुरा स्थित मकानों में जाकर लोगों की मुश्किलों को सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को शीघ्र हल किया जाएगा। उन्होंने संबधित आधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि वह लाल मकानों के बंद पड़े सीवर साफ करवाए। उन्होंने श्री दुर्गयाना मंदिर में भी सफाई प्रबंधों का निरक्षण किया।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि यह सफाई अभियान नाटक नहीं है बल्कि वह लोगों को जागरूक करने आए हैं कि जिस तरह से हम अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी तरह से हम इस गुरू की नगरी को साफ रखें। उन्होंने कहा कि हर वार्ड में सफाई के लिए पार्षदों के अधीन पांच सदस्यता समिति गठित की जाएगी और उनके टेलीफोन नंबर इंटरनेट पर डिस्पले किए जाएंगे जिससे लोग अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकें।
उन्होंने कहा कि वह खुद इस काम की निगरानी करेंगे और जहाँ भी कमी पाई जाएगी, उस संबन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा कि सफाई सेवकों को मास्क, लाइफ़ जैकेट, वर्दी और दस्ताने भी मुहैया करवाए जाएंगे। उन्होंने सफाई सेवकों से बातचीत करते हुए कहा कि किसी भी सफाई सेवक की नौकरी नहीं छीनी जाएगी बल्कि नगर निगम में और सफाई सेवक भर्ती किए जाएंगे।
महापौर कर्मजीत सिंह रिंटू कहा कि अमृतसर शहर में आज सफाई अभियान की शुरुआत हो चुकी है और शहर के 85 वार्डों में एक महीने के अंदर अंदर पूरी सफाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जुलाई महीने के अंत तक अमृतसर शहर को खुले में शौच मुक्त कर दिया जायेगा।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



