सिद्धू ने की आम आदमी पार्टी की तारीफ, कहा- AAP ने हमेशा पंजाब के लिए मेरे विजन और काम को पहचाना

Summary :

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी के प्रधान भगवंत मान का एक वीडियो ट्वीटर पर अपलोड किया है, जिसमें मान सिद्धू की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच सिद्धू ने भगवंत मान के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी की तारीफ की।

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी के प्रधान भगवंत मान का एक वीडियो ट्वीटर पर अपलोड किया है, जिसमें मान सिद्धू की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच सिद्धू ने भगवंत मान के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी की तारीफ की और कहा कि “हमारी विपक्षी पार्टी आम आदमी ने हमेशा पंजाब के लिए मेरे विजन और काम को पहचाना है। फिर चाहे वह 2017 से पहले की बात हो, ड्रग्स, किसानों के मुद्दे, भ्रष्टाचार हो या बिजली संकट का सामना। सिद्धू ने कहा कि आज जब मैं पंजाब मॉडल पेश कर रहा हूं तो यह स्पष्ट है कि वे जानते हैं कि वास्तव में पंजाब के लिए कौन लड़ रहा है।


नवजोत सिद्धू के इस ट्वीट के बाद उनके आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने की अटकलें तेज हो गई हैं। पिछले काफी वक्त से ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पर आम आदमी पार्टी की नजर है। दरअसल, पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी भी चुनाव लड़ने वाली है। ऐसे में पार्टी को एक मजबूत दावेदार की तलाश है। सूत्रों की मानें तो पार्टी को नवजोत सिंह सिद्धू में वह दावेदार नजर आ रहा है।

कुछ दिनों पहले ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार कोई सिख ही होगा। इसके बाद जब केजरीवाल से नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि सिद्धू का वो काफी सम्मान करते हैं।वो कांग्रेस के सम्मानित नेता है।

Desk Team