लुधियाना : पंजाब के 4 विधानसभा हलकों के उपचुनावों का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है, तो सियासी पारा उफान पर है। इसी बीच लुधियाना के मुल्लांपुर- दाखा विधानसभा हलका के उपचुनाव के दौरान आज कांग्रेसी समर्थक केबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु की उपस्थिति में भिड़ गए। इसी बीच तू -तू मैं-मैं से बात बढ़ी तो नौबत हाथापाई तक आ निकली। कांग्रेसी वर्कर दूसरे कांगे्रसी वर्कर की दस्तार उछाली तो मामला गाली-गलौच से बढ़ता हुआ पुलिस की दखलांदाजी तक जा पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक मुल्लांपुर दाखा में कांग्रेस के उम्मीदवार संदीप संधू के दफ्तर के बाहर सिख कार्यकर्ता गुरूसेवक सिंह गोरा बद्दोवाल ने कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु पर उसे पीटने का आरोप लगाया। इस दौरान उस वर्कर ने सडक़ पर बैठकर मंत्री आशु के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस कार्यकर्ता के प्रदर्शन की वीडियो सोशल मीडिया पर तुरंत वायरल हो गई। सूचना मिलते ही थाना दाखा पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया।
कांग्रेसी वर्कर गोरा बद्दोवाल ने आरोप लगाया कि वह किसी काम से मुल्लांपुर स्थित कांग्रेस उम्मीदवार संदीप संधू के दफ्तर में आया था।
इसी दौरान कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु ने उसे दफ्तर में नहीं आने दिया। इसका विरोध करने पर मंत्री आशु ने उस पर हमला कर दिया। गोरा बद्दोवाल ने आरोप लगाया कि मंत्री ने उसकी पगड़ी उतार दी और जमकर मारपीट की। जबकि दूसरी तरफ कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि शिअद उम्मीदवार मनप्रीत सिंह अय्याली झूठी साजिश कर झूठे आरोप लगा रहे हैं।
यह भी पता चला है कि इलाका बददोवाल के 2 धड़ों में बंटी कांग्रेस को एकजुट करने के लिए पार्टी ने मुल्लापुर मुख्य चुनाव दफतर के सामने वरिष्ठ कांग्रेसी आगु के निजी कार्यालय में 2 धड़ों के मध्य कुछ दिन पहले हुई तकरार को सुलटाने के लिए बैठक बुलाई थी।
सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के केेबिनेट मंत्री की उपस्थिति में गांव बददोवाल से कांग्रेस के जिला परिषद सदस्य कुलदीप सिंह, पूर्व सरपंच अमरज्योत सिंह और अन्य धड़ों के तरनदीप सिंह गुरू सेवक सिंह गोरा अपने-अपने समर्थकों के साथ आए हुए थे। चाहे यह कार्यक्रम धड़ेबंदी को खत्म करने के लिए बनाया गया था लेकिन दोनों धड़ों में किसी बात को लेकर बहस हुई और मामला हाथापाई तक जा पहुंचा।
इसी बीच गुरूसेवक सिह गोरा, जिसने कांग्रेस के कार्यालय के आगे धरना लगाया था, उसी ने केबिनेट मंत्री आशु पर आरोप दागे है। उसने संदीप संधू के दफ्तर के बाहर मंत्री आशु के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इसी दौरान लोगों ने प्रदर्शन कर रहे गोरा बद्दोवाल की वीडियो बनाई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। वहीं थाना दाखा एसएचओ प्रेम सिंह ने कहा कि अभी मामले की जांच चल रही है, जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश करेंगे।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



