ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए रात्रिभोज का आयोजन, सीएम अमरिंदर खुद बनाएंगे लजीज व्यंजन

Summary :

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह तोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों और स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के लिए रात्रिभोज का आयोजन कर रहे हैं और उनके लिए वह खुद लजीज व्यंजन तैयार करेंगे।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने शेफ की ड्रेस पहन ली है। दरहसल मुख्यमंत्री ने तोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों और स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के लिए बुधवार को रात्रिभोज का आयोजन किया है। वह उनके लिए खुद अपने हाथो से लजीज व्यंजन तैयार करेंगे। रात्रिभोज का आयोजन मोहाली के सिसवां में सिंह के फार्महाउस पर आयोजित किया गया है। 
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने मंगलवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब के ओलंपिक पदक विजेताओं और नीरज चोपड़ा से किए गए अपने वादे को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह उनके वास्ते खुद भोजन तैयार करेंगे। भोज में पटियाला के पुलाव, गोश्त, चिकन, आलू और जरदा राइस जैसे लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे।’’


मुख्यमंत्री ने पिछले महीने ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए आयोजित समारोह में उनसे, उन्हें अपने हाथ का बना भोजन कराने का वादा किया था।

Desk Team