आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी आम आदमी नहीं बल्कि ‘बेईमान आदमी’ हैं। केजरीवाल ने चन्नी के रिश्तेदारों के परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी पर कांग्रेस नेता को घेरने की कोशिश की है।
चन्नी के रिश्तेदार और परिसरों पर छापा मारा
केजरीवाल ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है जब ईडी ने ‘बालू माफिया’ के खिलाफ धन शोधन जांच के तहत चन्नी के रिश्तेदार और अन्य से जुड़े परिसरों पर छापा मारा है। चन्नी ने छापेमारी को मामले में उन्हें फंसाने का प्रयास करार दिया और दावा किया कि यह बदला लेने के लिए किया जा रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस महीने की शुरुआत में फिरोजपुर में एक रैली को संबोधित किए बिना लौटना पड़ा था।
चन्नी खुद को आम आदमी दिखाने की कोशिश में जुटे
केजरीवाल ने अपनी टिप्पणी के जरिए चन्नी की आम आदमी की छवि को निशाना बनाने की कोशिश की है। चन्नी पिछले साल मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही खुद को आम आदमी दिखाने की कोशिश में जुटे हैं। केजरीवाल ने बुधवार को ट्वीट कर आरोप लगाया, ‘‘ चन्नी आम आदमी नहीं, बेईमान आदमी हैं।
चन्नी आम आदमी नहीं, बेईमान आदमी है। https://t.co/OycA10oRar
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 19, 2022
मंगलवार को भी केजरीवाल ने अवैध बालू खनन को लेकर चन्नी पर हमला बोला था। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा था, “यह दुखद है कि मुख्यमंत्री के एक रिश्तेदार पर बालू खनन को लेकर छापेमारी हो रही है।” उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी पार्टी के नेता ने पहले खुलासा किया था कि कैसे चन्नी के विधानसभा क्षेत्र चमकौर साहिब में अवैध बालू खनन हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App



