पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख अमरिंदर सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय के छापों के बाद चरणजीत सिंह चन्नी के रिश्तेदार की गिरफ्तारी के बावजूद पार्टी द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस की आलोचना की। पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘‘अवैध रेत खनन में कथित रूप से शामिल विधायकों को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाने के लिए कांग्रेस की आलोचना की और इसे पार्टी में गहरे जड़ें जमाए भ्रष्टाचार का खुला प्रचार बताया।’’
पार्टी द्वारा जारी बयान के अनुसार, सिंह ने कहा कि जब तक वह राज्य को ऐसे भ्रष्ट लोगों से मुक्त नहीं बना देते, वह सेवानिवृत्त नहीं होंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन और पंजाब तथा उसकी शांति और सुरक्षा के लिए काम करना जारी रखने का वादा करते हुए सिंह ने सीमा पार से उत्पन्न खतरों और राज्य में बेअदबी की घटनाओं पर चिंता जतायी। स्वर्ण मंदिर और पटियाला के मंदिर में हुई बेअदबी की घटनाओं को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताते हुए सिंह ने कहा, ‘‘हम पंजाब के सामाजिक ताने-बाने को बर्बाद नहीं होंने देंगे।’’ उन्होंने इन घटनाओं को ‘समाज को बांटने का प्रयास बताया।’’
पटियाला के सनौर और मोहाली के बानुर में पीएलसी और भाजपा गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चन्नी के रिश्तेदार को ईडी गिरफ्तार कर चुका है और सूचनाओं के अनुसार उसने स्वीकार कर लिया है कि छापे में उसके पास से बरामद नकदी अवैध रेत खनन सहित अन्य अवैध कार्यों के माध्यम से जमा की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में चन्नी गरीब आम आदमी होने का दावा कैसे कर सकते हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



