पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने शुक्रवार को कहा कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं। बादल ने आठ मार्च को राज्य विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2021-22 का बजट पेश किया था।
उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘मैं सभी को सूचित करना चाहूंगा कि मैं कोविड-19 से संक्रमित पाया गया हूं। मैं अगले कुछ दिनों तक पृथक-वास में रहूंगा और उम्मीद है कि मैं जल्द स्वस्थ हो जाऊंगा।’’
बादल ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में मेरे सीधे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से मेरी विनम्र अपील है कि वे कृपया अपनी जांच करा लें और सभी आवश्यक सावधानियों का पालन करें। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने आप को और दूसरों को सुरक्षित रखें, इस प्रकार वायरस को और फैलने से रोका जा सकता है।’’
पंजाब में बृहस्पतिवार को कोविड-19 संक्रमण के 1,309 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,93,345 पर पहुंच गई थी जबकि इस महामारी से 18 और मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या 5,996 हो गई है।


Download Android App
Download iOS App



