अमरिंदर की पाकिस्तानी मित्र अरूसा के साथ संबंधों की जांच के दिए आदेश, कैप्टन ने किया तीखा पलटवार

Summary :

पंजाब सरकार ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के उनकी पाकिस्तानी महिला मित्र अरूसा आलम के साथ संबंधों की जांच के आदेश दिए।

पंजाब सरकार ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के उनकी पाकिस्तानी महिला मित्र अरूसा आलम के साथ संबंधों की जांच के आदेश दिए। पंजाब सरकार ने इसके साथ ही अरूसा आलम के आईएसआई के साथ संबंधों को लेकर भी जांच के आदेश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि सरकार अरूसा आलम के आईएसआई लिंक की जांच करेगी।
कैप्टन अमरिंदर सिंह अब कह रहे हैं कि आईएसआई से खतरा है
रंधावा ने मीडिया से कहा, “कैप्टन अमरिंदर सिंह अब कह रहे हैं कि आईएसआई से खतरा है। हम इससे महिला के संबंधों की जांच करेंगे। कैप्टन पिछले चार-पांच साल से पाकिस्तान से आने वाले ड्रोन के मुद्दे को उठाते रहे हैं।” उन्होंने कहा, “कैप्टन अमरिंदर सिंह पिछले साढ़े चार साल से पाकिस्तान से ड्रोन आने का मुद्दा उठाते रहे। कैप्टन साहब ने पहले इस मुद्दे को उठाया और बाद में पंजाब में बीएसएफ को तैनात कर दिया गया। इसलिए यह एक बड़ी साजिश लगती है, जिसकी जांच किए जाने की जरूरत है।”
जांच का आदेश देने के फैसले को अमरिंदर सिंह के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी के रूप में देखा जा रहा है
रंधावा, जिनके पास गृह विभाग भी है, उन्होंने कहा कि उन्होंने पंजाब पुलिस प्रमुख से आरोपों की जांच करने को कहा है।राजनीतिक हलकों में, अपनी ही पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ सरकार द्वारा जांच का आदेश देने के फैसले को अमरिंदर सिंह के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी के रूप में देखा जा रहा है, जिन्होंने 19 अक्टूबर को घोषणा की है कि वह जल्द ही लोगों के हितों की सेवा के लिए अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी शुरू करने की घोषणा करेंगे।
किसानों और नागरिकों के हितों की सेवा के लिए वह नई पार्टी की घोषणा करने वाले हैं अमरिंदर 
उन्होंने कहा कि एक साल से अधिक समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे किसानों और नागरिकों के हितों की सेवा के लिए वह नई पार्टी की घोषणा करने वाले हैं। नवजोत सिंह सिद्धू को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और सेना प्रमुख जनरल बाजवा का करीबी बताने वाले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर को अब चन्नी सरकार इसी मुद्दे पर घेरने की तैयारी में है। बता दें कि अरूसा पाकिस्तान की एक वरिष्ठ पत्रकार हैं।
सुखजिंदर सिंह रंधावा अब निजी हमले कर रहे हैं

वहीं अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने उनके हवाले से ट्वीट कर कहा कि सुखजिंदर सिंह रंधावा अब निजी हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बरगाड़ी कांड (गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी) और ड्रग्स केस में जो बड़े-बड़े वादे किए थे उनका क्या हुआ?
क्या 16 साल से सभी NDA और UPA सरकार की पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से मिलीभगत थी
अमरिंदर सिंह ने आगे कहा कि  “आप (सुखजिंदर सिंह रंधावा) मेरी कैबिनेट में मंत्री रहे। अरूसा आलम के बारे में आपने कभी कोई शिकायत नहीं की।” उन्होंने कहा कि ”अरोसा 16 साल से सरकार से क्लीरेंस लेकर भारत आ रही हैं। या आप यह कह रहे हैं कि इस दौरान की सभी NDA और UPA सरकार की पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से मिलीभगत थी?”

Desk Team