पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान और राज्य के विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए कटिबद्ध है। ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें कड़ी सजा दी जा रही है। हमें उम्मीद है कि इस अभियान से नशे की लत में फंसे हजारों युवाओं को नया जीवन मिलेगा और वे सही रास्ते पर लौटेंगे। सरकार का लक्ष्य नशा मुक्त पंजाब बनाना है, जिसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
कांग्रेस ने हरियाणा सरकार पर साधा निशाना
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरोड़ा ने कहा कि दोनों राज्यों के बीच कई लंबित मुद्दे हैं, जिन्हें पहले सुलझाने की जरूरत है। ऐसे बयान देना ठीक नहीं है। पहले पंजाब और हरियाणा के बीच उलझे मुद्दों को सुलझाएं, फिर इस तरह की बातें करें। विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी अरोड़ा ने खुलकर जवाब दिया। विपक्ष का दावा है कि सरकार पुराने स्कूलों को केवल रंग-रोगन करके नया रूप दे रही है। इस पर अरोड़ा ने कहा, हम पंजाब के विकास के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। विपक्ष हमारे खिलाफ क्या कहता है, इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।
सरकार का शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में ठोस कदम
हमारा ध्यान केवल पंजाब की जनता की भलाई पर है। सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में ठोस कदम उठा रही है, जिसके परिणाम जल्द दिखाई देंगे। जनता के हित में लिए गए फैसलों को लागू करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के हालिया बयान पर भी अरोड़ा ने निशाना साधा। बाजवा ने सरकार के खिलाफ तीखी टिप्पणी की थी, जिसका जवाब देते हुए अरोड़ा ने कहा, बाजवा साहब मुझसे उम्र और अनुभव में बड़े हैं, लेकिन उनके इस तरह के बयान उनके लिए ही भारी पड़ गए हैं। बाजवा को ऐसे बयान देने से पहले सरकार से चर्चा करनी चाहिए थी। गलत बयानों की वजह से वे खुद मुश्किल में फंस गए हैं। पंजाब सरकार पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से काम कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



