‘PM कर रहे ओछी राजनीति…’, पंजाब में 3 दिन में दूसरी ED रेड पर बरसे Arvind Kejriwal

Punjab News

Punjab News: पंजाब में हाल ही में आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की लगातार कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। महज तीन दिनों के भीतर पार्टी के दो नेताओं के यहां छापेमारी होने के बाद ‘आप’ ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है।

सबसे पहले राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक मित्तल के यहां ईडी ने छापा मारा, जिसके बाद अब पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर भी रेड की गई है। इस लगातार कार्रवाई से पार्टी नेताओं में नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। उनका कहना है कि यह सब राजनीतिक कारणों से किया जा रहा है, न कि किसी वास्तविक जांच के तहत।

Punjab News: अरविंद केजरीवाल का केंद्र सरकार पर हमला

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि तीन दिन में दूसरी बार पार्टी नेताओं पर ईडी की कार्रवाई हुई है, जो अपने आप में कई सवाल खड़े करती है। केजरीवाल ने पूछा कि अब तक जितनी भी रेड ‘आप’ नेताओं पर की गई हैं, उनमें से कितना अवैध धन बरामद हुआ है। उन्होंने दावा किया कि एक भी रुपया नहीं मिला है।

उनके अनुसार, यह सब केवल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है, रुपया गिर रहा है और बेरोजगारी बढ़ रही है। ऐसे समय में सरकार को इन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वह विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई में व्यस्त है।

लोकतंत्र पर क्या बोले CM भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। मान ने सवाल उठाया कि ईडी की कार्रवाई ज्यादातर उन्हीं राज्यों में क्यों होती है जहां भाजपा की सरकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जो नेता जनता के लिए काम करते हैं या सरकार के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें जांच एजेंसियों के जरिए निशाना बनाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि डर और दबाव से लोकतंत्र को दबाया नहीं जा सकता। पंजाब की धरती हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी।

संजय सिंह और अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी इस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव से पहले जांच एजेंसियां सक्रिय हो जाती हैं और बार-बार पंजाब का दौरा करती हैं। उनके मुताबिक, यह कार्रवाई लोकतांत्रिक नहीं बल्कि तानाशाही रवैये को दर्शाती है। दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह एक तय पैटर्न है, जिसके तहत चुनाव से पहले विपक्षी दलों के नेताओं पर कार्रवाई की जाती है।

आतिशी का आरोप: हार के डर से कार्रवाई

पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि तीन दिनों में दूसरी बार ‘आप’ नेताओं को निशाना बनाया गया है, जो यह दिखाता है कि भाजपा चुनावों को लेकर घबराई हुई है। उनका कहना है कि इस तरह की कार्रवाई जनता के बीच गलत संदेश देती है और लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि पंजाब की जनता इसका जवाब देगी।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई बार रेड होने के बावजूद अब तक कोई बड़ा खुलासा नहीं हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर रही है। ढांडा ने कहा कि अगर वास्तव में कोई अवैध धन मिला है तो सरकार को जनता के सामने स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।

यह भी पढ़ें: पंजाब पुलिस का AI वार! गैंगस्टरों पर कसेगा हाईटेक शिकंजा, IIT रोपड़ के साथ साझेदारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।