पंजाब: बिजली कटौती को लेकर विपक्ष ने किया प्रदर्शन, कहा- अमरिंदर सरकार के लिए शर्म की बात

Summary :

पंजाब में बिजली कटौती को लेकर अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया।

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इन दिनों काफी मुश्किलों के दौर से गुजर रहे है, जहां एक तरफ वो अपनी ही पार्टी में गुटबाजी और नवजोत सिंह सिद्धू से लड़ रहे है। तो वहीं, अब राज्य के विपक्ष ने उन्हें बिजली कटौती को लेकर अपने निशाने पर ले रखा है। 
इस संबंध में पंजाब में बिजली कटौती को लेकर अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। शहरों के मुख्य चौराहों और मुख्य मार्गों पर प्रदर्शनों के कारण कई किलोमीटर तक लंबा यातायात जाम लगा रहा जिसके चलते भीषण गर्मी में लोगों को परेशानी उठानी पड़।
भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि पंजाब की विगत अकाली-भाजपा की गठबंधन सरकार पंजाब को बिजली सरप्लस राज्य बना कर गई थी परंतु वर्तमान सरकार ने पंजाब में ब्लैक आउट की स्थिति पैदा कर दी है और यही कारण है कि आज भाजपा के कार्यकर्ता अपने विरोध प्रदर्शन में पंखियां साथ लेकर आए हैं। उन्होने कहा कि पंजाब का उद्योग कोरोना लॉकडाउन के कारण पहले से ही मंदी झेल रहा है और अब बिजली कटौती के कारण बंद होने के कगार पर आ खड़ हुए हैं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा कि सरकार प्रदेश में लोगों को बिजली एवं जल की आपूर्ति नहीं करवा सकती उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती के कारण लोगों को गर्मी के साथ साथ पानी से भी बंचित रहना पड़ रहा है। उन्होने कहा कि पांच नदियों वाले पंजाब में अगर बिजली और पानी की कमी होती है तो वह सरकार के लिए शर्म की बात है।
धरने को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक एवं सीपीएस श्री कृष्ण देव भंडारी ने कहा कि सरकार आज हर मोर्चे पर अपनी वचनबद्धता को प्रमाणित करने में विफल हुई है जिससे पंजाब के लोग अपने आप को ठगे हुए महसूस कर रहे हैं उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार को अपने किए हुए जन विरोधी कामों का परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना पड़गा।
धरने के अंत में पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड के चीफ इंजीनियर को जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा के नेतृत्व में पंखियों के रूप में मांग पत्र दिया गया। शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बपादल ने बठिंडा में कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार लोगों को किसानों को बिजली देने में पूरी तरह विफल रही है। बिजली कटौती ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। 
जालंधर कैंट के हलका इंचार्ज पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़ युवा नेता सुखमिंदर सिंह राजपाल और कार्यकर्ता पावरकॉम के मुख्यालय शक्ति सदन के बाहर धरने पर बैठ गए। इसके अलावा अकाली दल ने चिकचिक हाउस चौक पर पावरकॉम कार्यालय और पठानकोट चौक स्थित पावरकॉम कार्यालय के समक्ष भी धरना प्रदर्शन किया। इसी मुद्दे पर आम आदमी पार्टी शनिवार को मुख्यमंत्री के सिसवां फार्म हाउस के समक्ष प्रदर्शन करेगी।

Desk Team