केजरीवाल पर बरसे सिद्धू, बोले- AAP सरकार के आने पर भी 7 किसानों ने की आत्महत्या

Summary :

पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के किसानों के लिए गारंटी दी थी, लेकिन उसके बाद भी उनकी मुश्किलें जारी हैं।

पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) ने विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनाई और विरोधियों को चित्त किया। लेकिन पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने शुक्रवार को कहा कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के किसानों के लिए गारंटी दी थी, लेकिन उसके बाद भी उनकी मुश्किलें जारी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में आप की सरकार बनने के बाद से अब तक 7 किसान मौत को गले लगा चुके हैं।  
सिद्धू ने आत्महत्या करने वाले एक किसान के परिवार के घर का दौरा किया  
उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि आपकी गारंटी कहां चली गई है। इससे पहले नवजोत सिद्धू ने आत्महत्या करने वाले एक किसान के परिवार के घर का दौरा भी किया था। इस दौरान भी उन्होंने भगवंत मान सरकार पर हमला बोला था।  
नवजोत सिद्धू ने ट्वीट कर कहा कि अरविंद केजरीवाल ने गारंटी दी थी कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि एक अप्रैल के बाद कोई किसान आत्महत्या नहीं करे। आप पार्टी की सरकार बनने के बाद भी अकेले बठिंडा जिले में सात किसान आत्महत्या कर चुके हैं। इस साल उपज तीस प्रतिशत से कम होने के कारण परेशान किसानों ने आत्महत्या की है। सरकार दो हजार लोन डिफॉल्टर किसानों की गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।   

सिद्धू ने आप सरकार से की मांग   
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू हाल ही में मृतक किसान जसपाल के परिजनों से मिलने गए तो पता चला कि इस बार उपज कम होने की वजह से किसान ने आत्महत्या की है। नवजोक सिंह सिद्धू ने कहा कि सरकार इस परिवार को मुआवजा दे क्योंकि इस परिवार के दो बेटों पर सारी जिम्मेदारी आन पड़ी है।   
सिद्धू ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ हमला बोला  
इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी के खिलाफ हमला बोला। उन्होंने विधानसभा चुनाव में मिली हार के लिए माफिया राज को जिम्मेदार ठहराया। दावा किया कि पार्टी 5 साल के माफिया राज की वजह से हारी है। इससे पहले कांग्रेस नेता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को “रबर का गुड्डा” करार देते हुए विपक्ष के आरोप को सही ठहराया कि दिल्ली से आप का नेतृत्व राज्य में सरकार चला रहा है। 
नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस को नवीनीकरण करना होगा। डंके की चोट पर कहूंगा कि कांग्रेस 5 साल के माफिया राज की वजह से हारी। मैं इस माफिया राज के खिलाफ लड़ता रहा। यह लड़ाई सिस्टम के खिलाफ थी। कुछ लोगों का धंधा था, जो राज्य को दीमक की तरह खा रहा था। इसमें CM भी शामिल थे। 

Desk Team