कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब सरकार द्वारा आवंटित सरकारी बंगला रविवार को खाली कर दिया। सिद्धू ने पंजाब कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था, जिसे मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने शनिवार को स्वीकार कर लिया। इस्तीफा देने के बाद से सिद्धू लगातार मीडिया से बच रहे थे। संवाददाता लगातार उनसे पूछे रहे थे कि क्या उन्होंने यहां का आवास खाली कर दिया है।
सिद्धू ने एक ट्वीट किया, ‘‘मंत्री का बंगला खाली कर दिया है और उसे पंजाब सरकार के सुपुर्द कर दिया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने शनिवार को सिद्धू का ‘एक लाइन’ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था और इसे मंजूरी के लिए पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर के पास भेज दिया था। राज्यपाल ने भी इसे अपनी मंजूरी दे दी।

सिद्धू (55) का मुख्यमंत्री से टकराव चल रहा था और छह जून को हुए मंत्रिमंडल फेरबदल में उनसे महत्वपूर्ण मंत्रालय ले लिए गए। सिद्धू से स्थानीय सरकार और पर्यटन एवं संस्कृति मामलों का विभाग ले लिया गया था और उन्हें बिजली तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग दिया गया था।
सिद्धू के अलावा अन्य मंत्रियों के विभाग भी बदले गए थे। एक महीने से ज्यादा समय से सिद्धू द्वारा बिजली विभाग का कार्यभार संभालने से इनकार करना भी कांग्रेस के लिए ‘‘शर्मिंदगी’’ की बात बन गई। विपक्षी दल राज्य में अमरिंदर के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला कर रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



