पंजाब के होशियारपुर में टांडा स्थित एक गांव में छह वर्षीय एक लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया गया, उसकी हत्या की गई और फिर शव को आग लगा दी गई । पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों गुरप्रीत सिंह और उसके दादा सुरजीत सिंह को हत्या, बलात्कार के आरोपों और भारतीय दंड संहिता तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की अन्य संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
पीड़िता एक प्रवासी मजदूर की बेटी थी, जो उसी गांव में रह रहा था। पीड़िता के पिता के अनुसार गुरप्रीत कथित तौर पर उनकी लड़की को अपने घर ले गया जहां उसने कथित तौर पर उससे बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद, गुरप्रीत और सुरजीत दोनों ने उसकी हत्या कर दी और फिर उसके शव को जला दिया। लड़की का आधा जला हुआ शव उनके घर से मिला है।
इस बीच पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्ष तेजिंदर कौर ने इस घटना का स्वत: संज्ञान लिया और होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अध्यक्ष (एसएसपी) से 26 अक्टूबर तक एक विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।


Download Android App
Download iOS App



