अनाज घोटाले को लेकर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पिछली अकाली-बीजेपी गठबंधन सरकार को सच उजागर करने के लिए चुनौती दी है। उन्होंने मामले के बकाए के निपटारे के लिए 31000 करोड रुपए का ऋण पंजाब पर चढ़ने को राज्य के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार देते हुए कहा है कि असल में केंद्र सरकार तो मात्र तेरह हजार करोड रुपए में ही इस केस का निपटारा करने को तैयार थी।
केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट की प्रति मीडिया से साझा करते हुए सुनील जाखड़ ने तत्कालीन वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उन्हें पंजाब के लोगों के सामने सच रखना चाहिए और वे कारण भी बताने चाहिए जिनकी वजह से पंजाब के भविष्य को दांव पर लगा दिया गया।
जाखड़ ने कहा कि यह सही समय है जब ढींडसा अपने किए पाप को धो सकते हैं व उन ताकतों को सार्वजनिक कर सकते हैं जिन्होंने केंद्र सरकार द्वारा ?13000 में केस का निपटारा करने की सहमति के बावजूद पंजाब पर 31000 करोड का कर्ज चढ़या। ढींडसा को इस मामले में बीजेपी की भूमिका को भी उजागर करना चाहिए।
जाखड़ ने कहा कि केंद्र सरकार की रिपोर्ट बड़ी स्पष्ट है कि केंद्र सरकार तो चाहती थी के पंजाब सिर्फ 13000 करोड का ही बोझ उठाए लेकिन अकाली दल इस बारे में झूठ बोलता रहा है। पंजाब भवन में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस वित्तीय घोटाले में तत्कालीन वित्त मंत्री शामिल थे और उन्हें व अकाली बीजेपी के नेताओं को इस घोटाले के लिए लोग कभी माफ नहीं करेंगे। बीजेपी के पास भी एक मौका है कि वह अपना पक्ष सामने रखे व इस सारे घोटाले में अकाली दल, ढींडसा व बीजेपी का क्या रोल था यह बताएं।
उन्होंने कहा कि वे इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री सीतारमन को पत्र लिखेंगे व सभी तथ्य उजागर करने के लिए कहेंगे। उन्होंने ऐलान किया कि यूथ कांग्रेस आठ मार्च को बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं निशंक गौतम, तरुण चुग,स्वेत मलिक को इस रिपोर्ट की कॉपियां देगी ताकि वे अपना पक्ष इस बारे में रख सके क्योंकि पिछली सरकार में वे भी बराबर के सहयोगी थे। इसी तरह कांग्रेस विधायक इस रिपोर्ट की कॉपियां विधानसभा में अकाली दल के विधायकों को देकर उनसे जवाब मांगेंगे।


Download Android App
Download iOS App



