केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ और उसके आस-पास के इलाकों में शनिवार देर रात तेज तूफ़ान ने दस्तक दी। 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चली हवाओं ने पेड़ों को उखाड़ दिया और कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हुई। मौसम विभाग ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि चंडीगढ़ में तेज हवाएं चलने के साथ ही भारी बारिश भी हुई।

अधिकारियों ने बताया कि इसके असर से पेड़ उखड़ गए और कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। कई निवासियों ने शिकायत की कि शहर के दक्षिणी हिस्से के कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति करीब 10 घंटे तक ठप रही। शहर के कुछ हिस्सों में सुबह पानी की आपूर्ति भी बाधित रही।

नगर निकाय कर्मियों को कई सड़कों से उखड़े हुए पेड़ों और उनकी शाखाओं को साफ करते देखा गया। तूफान के दौरान पेड़ या भारी शाखाएं गिरने के कारण कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचने की भी खबरें हैं। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मौसम में अचानक हुआ यह बदलाव एक मौसमी प्रणाली की वजह से हुआ है जो ऊपरी वायु चक्रवाती दबाव के कारण बना है।उन्होंने बताया कि मोहाली, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में भी बारिश होने की खबरें हैं।


Download Android App
Download iOS App



