पंजाब में मौसम विभाग ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और होशियारपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते तेज हवाएं और बारिश की संभावना है। मानसून सामान्य समय से पहले आने की उम्मीद है, जिससे जून के अंत तक अच्छी बारिश हो सकती है।
पंजाब में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। राज्य के ऊपर सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ और मालवा क्षेत्र में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते मौसम विभाग ने राज्य के लिए चेतावनी जारी की है। बुधवार से शुक्रवार तक के लिए पंजाब के अधिकांश हिस्सों में येलो और ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। आज यानी बुधवार को मौसम विज्ञान केंद्र ने पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और होशियारपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाएं (50-60 किमी/घंटा) चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं राज्य के बाकी सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इस बार मानसून भी सामान्य समय से तेज गति से आगे बढ़ रहा है और उम्मीद है कि पंजाब में इसकी एंट्री 25 जून से पहले हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार यह मानसून सामान्य समय से लगभग एक सप्ताह पहले पहुंच रहा है। इससे राज्य में जून के अंत तक अच्छी बारिश की उम्मीद की जा सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ और दबाव क्षेत्र बना बदलाव की वजह
पंजाब के मौसम में हो रहे इस बदलाव के पीछे दो अहम कारण हैं – पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन। वर्तमान में पाकिस्तान के ऊपर एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो पंजाब तक असर डाल रहा है। साथ ही राज्य के मालवा क्षेत्र में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इन दोनों सिस्टम के चलते राज्य में बादल छाए हुए हैं और हवा में नमी बढ़ी है, जिससे तेज हवाओं और बारिश की स्थिति बन रही है।
पंजाब: सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह लड़ेंगे 2027 विधानसभा चुनाव
तापमान में बढ़ोतरी, पर राहत के आसार
बीते कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बुधवार को पंजाब का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। सबसे ज्यादा गर्मी बठिंडा में रही, जहां पारा 43.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, आने वाले दिनों में बारिश और बादलों की वजह से तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



