लुधियाना : किराए का मकान दिलाने का झांसा देकर ऑटो रिक्शा चालक ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर चलते ऑटो में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। कृत्य को अंजाम देने के बाद आरोपित उसे बेहोशी की हालत में गांव लखोवाल में फेंक कर फरार हो गए। जहां से उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब थाना कूमकलां पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके एक को गिरफ्तार कर लिया है।
एसआई परमजीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपित की पहचान कोहाड़ा निवासी राम नारायण के रूप में हुई। वो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर का रहने वाला है। पुलिस ने 22 वर्षीय महिला की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में पीडि़ता ने बताया कि सात फरवरी को वो कमरा किराए पर लेने के लिए गांव मानगढ़ गई थी।
वहां उसे एक कमरा पसंद आ गया। वहां मास्टर ढाबे पर एक महिला ने उसे राजू नाम के व्यक्ति से मिलाया। नौ फरवरी की सुबह 10.30 बजे वो राजू से साहनेवाल चौक में मिली। राजू ने उससे कहा कि कमरा किराए पर लेने के लिए उसे एडवांस में किराया देना होगा। मगर उसने कहा कि वह पैसे लेकर नहीं आई है।
जिस पर राजू ने उसे ऑटो रिक्शा में बैठा लिया। पहले वह उसे कोहाड़ा ले गया। उसके बाद वो समराला चौक चला आया। जहां उसके ऑटो में चार और लोग सवार हो गए। वहां से वह महिला को मुंडियां इलाके में ले गया। जहां चलते ऑटो में आरोपितों ने उसके साथ सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया, जिससे महिला बेहोश हो गई।
होश में आने पर उसने खुद को गांव लखोवाल स्थित पीर बाबा जाहर बली की मजार के निकट पाया। वहां से लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। एसआई परमजीत ने बताया कि राम नारायण उन लोगों में शामिल था, जिन्हें राजू ने समराला चौक से अपने साथ लिया था। अन्य आरोपितों की तलाश में रेड की जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
– सुनीलराय कामरेड


Download Android App
Download iOS App



