पंजाब के जालंधर शहर में युवा कांग्रेस ने आज ‘मार्च फॉर पीस‘ का आयोजन किया और दिल्ली में पिछले सप्ताह हुई हिंसा के मद्देनजर राजधानी में कानून एवं व्यवस्था बनाये रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की।
युवा कांग्रेस के जालंधर अध्यक्ष अंगद दत्ता, महासचिव जसकरन सोही आदि के साथ कार्यकर्ताओं ने यह मार्च अवतार नगर स्ट्रीट नंबर 1 से शुरू किया और डॉ़ बाबा साहिब अम्बेडकर चौक पर समाप्त किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली में केंद, की भारतीय जनता पार्टी नीत सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
श्री दत्ता ने आरोप लगाया कि दिल्ली में दंगे केंद, सरकार की विफलता दर्शाते हैं क्योंकि राजधानी में कानून एवं व्यवस्था उनके अधिकार में आती है। उन्होंने अमित शाह को तुरंत केंद्रीय गृह मंत्री पद से हटाने की मांग की।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस और भाजपा पूरे देश में लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए लुका-छिपी का खेल खेल रही है और हालांकि दिल्ली पुलिस ने 120 से अधिक एफआईआर दर्ज की है, लेकिन हिंसा भड़काने वाले भड़काऊ भाषणों के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार नेताओं के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस दंगों को नियंत्रित करने के अपने कर्तव्य पालन में विफल रही और मांग की कि ऐसे पुलिसकर्मी जो या तो मूक दर्शक बने रहे या दंगाइयों की मदद करते दिखाई दिये, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



