राजस्थान के सार्वजनिक निर्माण मंत्री यूनुस खान ने कहा कि अतिवृष्टि और अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त हुयी सड़कों की मरम्मत के लिये एक सौ करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। श्री खान ने आज विधानसभा के प्रश्नकाल में विधायक हीरालाल दंरागी के प्रश्न का जवाब देते हुये कहा कि उदयपुर के झाड़ल विधानसभा क्षेत्र समेत अन्य क्षतिग्रस्त करीब 106 पुलियाओं के साथ ही पाली, जालोर, बाड़मेर एवं सिरोही की क्षतिग्रस्त पुलियाओं के सुधार पर 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि झाड़ल विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2016 की अतिवृष्टि में क्षेत्र की 34 पुलियाएं क्षतिग्रस्त हो गईं थीं। इनमें से 6 पुलियाओं की मरम्मत के कार्य स्वीकृत कर दिए गए हैं। शेष 28 पुलियाओं की मरम्मत पर 4.50 करोड़ का व्यय अनुमानित है, जिसका तकमीना तैयार करा लिया गया है।
श्री खान ने कहा कि झाड़ल विधानसभा क्षेत्र की पानरवा से ओगना की 14 किलोमीटर सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना पार्ट टू के द्वितीय चरण में सुधारा जाएगा जिस पर 7 करोड़ 51 लाख रुपये खर्च होंगे। उन्होंने कहा कि झाड़ल विधानसभा क्षेत्र में अब तक सड़क सुविधा से वंचित रहे गांवों को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 15 किलोमीटर सड़कों के निर्माण की योजना के तहत प्रस्ताव प्राप्त कर सड़कों से जोड़ दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2014 से 31 दिसम्बर 2017 तक विधानसभा क्षेत्र झाडौल की विभिन्न क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलियाओं की मरम्मत हेतु विभिन्न योजनाओं में 1455 लाख 77 हजार रुपये की राशि व्यय की गई है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



