Jaipur Old Haveli Demolition Hidden Treasure : राजस्थान की राजधानी जयपुर के फेमस त्रिपोलिया बाजार की एक पुरानी हवेली में खजाना मिलने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।
विद्याधर का रास्ता स्थित इस हवेली में 10 महीने पहले रिनोवेशन का काम चल रहा था। तुड़ाई के दौरान दीवार और नींव से चांदी की सिल्लियां, पुराने सिक्के और सोने से भरे कई कलश निकले। ठेकेदार और मजदूरों ने इस गुप्त खजाने की जानकारी मालिक से छिपाकर आपस में बांट ली। लेकिन आपस में हुए एक छोटे से विवाद ने इस पूरे केस का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।
दिहाड़ी मजदूरों का लाइफस्टाइल बदला तो हुआ शक
जयपुर नॉर्थ के डीसीपी करन शर्मा ने बताया कि हवेली के ओनर राहुल सेठी ने कंस्ट्रक्शन का काम डिवाइन-1 एलएलपी को दिया था, जिसने तुड़ाई की जिम्मेदारी ठेकेदार महेश मल्होत्रा उर्फ ‘छोटू’ को दी थी। खजाना हाथ लगते ही कभी दिहाड़ी पर काम करने वाला छोटू रातों-रात बुलडोजर और ट्रैक्टर का मालिक बन गया।
वहीं मजदूर जगदीश राजोरिया ने बेटी की शादी में 20 लाख रुपये खर्च कर दिए। बाकी मजदूरों ने मजदूरी छोड़कर महंगी शराब और ऐशो-आराम की लाइफ जीना शुरू कर दिया।
खजाने के बंटवारे में कम हिस्सा मिलने पर मजदूर अनुज अरोड़ा ने ठेकेदार छोटू से शिकायत की। छोटू ने बहाना बनाया कि ओनर को खबर लग गई है। अनुज ने जब खुद जाकर भवन मालिक से बात की, तो चोरी की पोल खुल गई। ओनर ने तुरंत पुलिस में केस दर्ज कराया।
पुलिस ने 5 लोगों को किया अरेस्ट, 66 किलो चांदी बरामद
थानाधिकारी राकेश ख्यालिया और डीएसटी टीम ने आरोपियों की एक्टिविटीज पर नजर रखकर महेश, जगदीश, ओमप्रकाश, रजनी और अनुज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके पास से 66.4 किलो चांदी रिकवर कर ली है। पूछताछ में पता चला कि हवेली से 10-15 चांदी की सिल्लियां, हजारों सिक्के और सोने से भरे 14-15 कलश मिले थे, जिनकी रिकवरी के लिए पुलिस की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें – राजस्थान के किशोर सुधार गृह में खौफनाक वारदात, वार्डन पर टूट पड़े बाल कैदी! मौके पर मौत



Download Android App
Download iOS App




