केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) पर अपने फैसले से एक इंच भी पीछे नहीं हटेगी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर भी जमकर हमला बोला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा, राहुल बाबा कानून पढ़ा है, तो कहीं पर भी चर्चा करने के लिए आ जाओ। नहीं पढ़ा है तो मैं इटैलियन में इसका अनुवाद करके भेज देता हूं, उसको पढ़ लीजिए।
अमित शाह राजस्थान के जोधपुर के कमला नेहरू नगर में सीएए के समर्थन में पार्टी की जनजागरण सभा को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा, ‘‘चाहे सारे विपक्षी संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ एकजुट हो जाएं, लेकिन बीजेपी अपने इस फैसले पर एक इंच भी पीछे नहीं हटेगी।’’ उन्होंने कहा, मैं कांग्रेस, ममता दीदी, एसपी, बीएसपी, केजरीवाल एंड कंपनी सभी इस कानून का विरोध कर रहे हैं, इन सभी को चुनौती देता हूं कि वो साबित करें इससे किसी अल्पसंख्यक को नुकसान होगा।

अमित शाह ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर सीएए को लेकर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस को वोटबैंक की राजनीति की आदत पड़ गई है, उसने इस कानून पर दुष्प्रचार किया है।’’ उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘वोटबैंक के लालच की भी हद होती है। वोटबैंक के लिए कांग्रेस ने वीर सावरकर जैसे महापुरुष का अपमान किया है।’’


Download Android App
Download iOS App



