राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गोलूवाला थाना क्षेत्र में 33 साल की दुष्कर्म पीड़िता को कथित रूप से जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। घटना में महिला बुरी तरह झुलस गई है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कांग्रेस सरकार पर हमला किया।
घटना पर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर कहा, ‘‘हनुमानगढ़ के गोलूवाला में दुष्कर्म के मामले में जमानत पर चल रहे एक बदमाश ने पीड़िता को आग के हवाले कर देने की घटना बेहद निंदनीय है। आखिर कब तक कांग्रेस सरकार के कुशासन में हमारी बहन-बेटियां हैवानों की गंदी नियत का शिकार होती रहेगी?’’
गुरुवार तड़के आरोपी पीड़ित के घर में घुसा और बाहर से कमरे में केरोसीन का छिड़काव कर दरवाजा खटखटाया और दुष्कर्म पीड़िता को नाम से बुलाया। जैसे ही पीड़िता ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने जलती हुई एक लकड़ी की छड़ी पीड़िता के ऊपर उछाल दी जिससे लगी आग में वह झुलस गई।
मामले में पीड़िता की नानी ने आरोप लगाया कि यह काम दुष्कर्म आरोपी प्रदीप विश्नोई ने किया है। आरोपों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता ने आरोपी विश्नोई के खिलाफ 2018 में दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया था। इस मामलें की जांच जारी है।
पीड़िता एक नाबालिग बच्ची की मां है और पति के साथ विवाद के बाद से वह अपनी नानी के साथ रह रही है। घटना के बाद पीड़िता को उपचार के लिए बीकानेर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



