राजस्थान के चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश में खरीद फरोख्त की राजनीति के माध्यम से चुनी हुई सरकार को बदला और ‘‘अब ये लोग राजस्थान में इस तरह का प्रयास करने की ओर बढ़ रहे हैं।’’
शर्मा ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘इनकी लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिश है और यह राजस्थान में कामयाब नहीं होगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास सारे अपडेट हैं। सब तरह की सूचनाएं उनके पास हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अब यह साबित हो चुका है कि जब कोरोना वायरस महामारी पूरे देश और राज्यों में विकराल रूप ले रही है.. भाजपा का ध्यान चुनी हुई सरकारों को खरीद फरोख्त के जरिये गिराने में है। इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आज आम आदमी की जिंदगी खतरे में है लेकिन भाजपा को परवाह नहीं है और वो खरीद फरोख्त के जरिये चुनी हुई सरकारों को गिरा चुके हैं और राजस्थान में भी गिराने का प्रयास कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम दावे के साथ कह सकते हैं कि यह वीरों की धरती है, यहां भाजपा का यह कुत्सित प्रयास हम कामयाब नहीं होने देंगे। मुंह की खानी पड़ेगी उनको और जिस तरह की खरीद फरोख्त की राजनीति देश में चलाई है, इसका जवाब इनको राजस्थान से मिलेगा।’’
उन्होंने कहा कि जो भी कांग्रेस पार्टी का विधायक है उसे यहां होना चाहिए क्योंकि यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री के सी वेणुगोपाल, प्रभारी महासचिव अविनाश पांडे और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मौजूद हैं। उन्होंने केन्द्र सरकार पर कांग्रेस के लोगों को आयकर, प्रर्वतन निदेशालय और सीबीआई का भय दिखाने का भी आरोप लगाया।
इससे पहले परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने भी भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त की राजनीति का प्रयास करने और निर्वाचित सरकार को नोटों के दम पर गिराने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को सब अधिकार है..विधानसभा नियम कायदे से चलती है…पार्टी का व्हिप सबको मानना पड़ेगा।


Download Android App
Download iOS App



