देश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों पर सियासत गरमाई हुई है। एक ओर हाथरस कांड को कांग्रेस लगातार यूपी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है, वहीं राजस्थान में बढ़ते अपराधों पर गहलोत सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए बीजेपी ने सोमवार को जयपुर सहित सभी जिलों में हल्ला बोल प्रदर्शन किया।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया के नेतृत्व में जयपुर में बीजेपी मुख्यालय से पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन फाटक तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं की भीड़ के आगे बढ़ने का प्रयास करने एवं पुलिस द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास करने पर दोनों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
पुनिया के अलावा पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी एवं कालीचरण सराफ तथा बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राम लाल शर्मा सहित कई नेता प्रदर्शन में मौजूद हैं। प्रदर्शन कर रहे बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता अपराध पर लगाम लगाओं, सरकारी निकम्मी हैं आदि नारेबाजी कर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस दौरान पुनिया ने गिरफ्तारी दी। इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ता पुलिस की गाड़ी के आगे आ गये और कहने लगे कि हम भी पुनिया के साथ गिरफ्तारी देंगे। इस दौरान सैकड़ों लोगों के एकत्रित होने एवं सोशल डिस्टेंसिंग नहीं रखने के कारण वैश्विक महामारी कोरोना के चलते जारी गाइडलाइन की धज्जियां भी उड़ती नजर आई। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी बीजेपी की तरफ से हल्ला बोल प्रदर्शन किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



