ब्लैक फंगस के बढ़ते प्रकोप के बीच CM गहलोत बोले- बचाव के लिए अपनाए आवश्यक सावधानियां, घबराए नहीं

Summary :

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक ने ब्लैक फंगस बीमारी से सजग रहने के साथ आवश्यक सावधानियां अपनाने की जरुरत बताते हुए कहा है कि इससे घबरायें नहीं।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ब्लैक फंगस बीमारी से सजग रहने के साथ आवश्यक सावधानियां अपनाने की जरुरत बताते हुए कहा है कि इससे घबरायें नहीं। सीएम गहलोत ने सोशल मीडिया पर आज यह बात कही। उन्होंने एक पोस्टर शेयर करते हुए कहा कि ब्लैक फंगस एक तरह का फंगस का इन्फेक्शन है, जो तेजी से नाक, साइनस, आंख एवं दिमाग में फैलता है।

उन्होंने बताया कि ब्लैक फंगस से कोरोना रोगी, अनियंत्रित डायबिटीज, कोरोना के इलाज में स्टेरॉयड का अत्यधिक उपयोग, अन्य रोग-प्रतिरोधक वाली स्थितियों से ग्रसित लोगों को ब्लैक फंगस होने का खतरा ज्यादा रहता है। उन्होंने बताया कि नाक बंद रहना, नाक से बदबू दार पानी, खून आना, चेहरे पर सूजन, दर्द, सुन्नपन होना, दांतों में दर्द एवं तालु, नाक या चेहरे पर काले निशान, छाले होना, आंख में सूजन, आंख खुल न पाना एवं दिखाई कम देना एवं ना देना आदि इसके लक्षण है। 
उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण आने पर डॉक्टर से जल्द से जल्द सलाह लेनी एवं इलाज में देरी नहीं करनी चाहिए। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखना, मास्क का उपयोग, चिकित्सक के निर्देशानुसार कोविड के इलाज में स्टेरॉयड का उचित उपयोग और ऑक्सीजन हूमिडिफायर में साफ पानी का उपयोग करें एवं पानी को प्रतिदिन बदलना चाहिए। बता दें कि राज्य सरकार ने ब्लैक फंगस बीमारी को महामारी घोषित कर रखा हैं।

Desk Team