राजस्थान में कोटा जिले में बुधवार को चंबल नदी में लोगों से भरी एक नाव पलट जाने से पांच लोगों की मौत हो गई। नाव में करीब 30 लोग सवार थे, जिसमें से 20 को बचाया जा चुका है, जबकि कई अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक क्षमता से अधिक लोगों के बैठने के चलते नदी के बीच में नाव असंतुलित होकर पलट गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह कुछ लोग चम्बल ढीबरी से नाव में सवार होकर करणेश्वर महादेव मंदिर जा रहे थे कि अचानक नाव पलट गयी। इससे कुछ लोग तैरकर किनारे आ गए जबकि कुछ लापता बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि नाव में महिलाओं सहित करीब 30 लोग सवार थे। अब तक पांच शव निकाले जा चुके हैं।

जानकारी के मुताबिक नाव में 30 लोगों के आलावा करीब 14 बाइक भी थी जिन्हें नदी पार करवाने के लिए नाव में ही रखा था। अधिक वजन होने के कारण नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के तुरंत जानकारी मिलने के बाद आस पास मौजूद लोग ग्रामीणों को बचाने के लिए नदी पर पहुंचे।
हादसा गोठला कला के पास कमलेश्वर धाम जाते वक़्त हुआ। कोटा के सांसद और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने प्रशासन से जानकारी ली। लोकसभा सचिवालय ने जिला प्रशासन से साधा संपर्क। कोटा से एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना कर दी गई है। लोकसभा अध्यक्ष कार्यालय जिला प्रशासन से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



