BSF स्थापना दिवस : अमित शाह बोले-हमारी सीमा और जवानों को कोई हल्के में नहीं ले सकता

Summary :

बीएसएफ स्थापना दिवस पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि स्थापना के बाद पहली बार आज बीएसएफ का स्थापना दिवस देश की सीमा के जिले में मनाने का निर्णय लिया गया।

सीमा सुरक्षा बल (BSF) आज अपना 57वां स्थापना दिवस समारोह मना रहा है। इस मौके पर राजस्थान में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीएसएफ जवानों को पदक प्रदान किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि स्थापना के बाद पहली बार आज बीएसएफ का स्थापना दिवस देश की सीमा के जिले में मनाने का निर्णय लिया गया। इस परंपरा को जारी रखना चाहिए। ये स्थापना दिवस आजादी के अमृत महोत्सव काल में मनाया जा रहा है।
सीमाओं की रक्षा करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा बल है BSF
अमित शाह ने कहा, आज़ादी मिले हुए 75 वर्ष हो गए हैं और पीएम मोदी जी ने इस वर्ष को अमृत महोसव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। जब आज़ादी की शताब्दी होगी यानी आज से 25 साल तक तब 75 से 25 साल का ये कालखंड अमृतकाल के रूप में देखेगा भी और इसके लक्ष्य तय कर मनाएगा भी। 
उन्होंने कहा, देश के पुलिस बल, BSF और CAPF के 35,000 से अधिक जवानों ने अलग-अलग जगह पर अपना बलिदान दिया है। मुझे गर्व है कि BSF इसमें अग्रणी है। मैं सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी जवानों को देश की तरफ से श्रद्धांजलि देता हूं। आज दुनिया का सबसे बड़ा सीमाओं की रक्षा करने वाला बल बीएसएफ है। 
गृहमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री सीमाओं के प्रहरियों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे हैं। मोदी सरकार ने सशस्त्र बलों के परिवारजनों को पूर्ण स्वास्थ्य कवर प्रदान किया गया है, जिसके तहत एक कार्ड के द्वारा परिजन आसानी से इसका लाभ ले सकते हैं। 2014 से देश की सीमाओं की सुरक्षा को गंभीरता से भारत सरकार ने लिया है। जहां-जहां भी सीमा पर अतिक्रमण करने का प्रयास हुआ, हमने तुरंत जवाबी कार्रवाई की है। भारत ने ये संदेश दिया कि हमारी सीमा को और हमारे जवानों को कोई हल्के में नहीं ले सकता।
सीमाओं की सुरक्षा का मतलब ही राष्ट्र की सुरक्षा
अमित शाह ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के लिए सीमाओं की सुरक्षा का मतलब ही राष्ट्र की सुरक्षा है। आप सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं, तो आप पूरे देश को सुरक्षित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, विश्व में उपलब्ध आधुनिक से आधुनिक तकनीक आपको और सीमा सुरक्षा बल को उपलब्ध कराई जाएगी। केंद्र सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है। बल में 50,000 जवानों की भर्ती का काम पूरा हो गया है। भर्तियों की संख्या और बढ़ाने के लिए हम निश्चित प्रयास करेंगे।

Desk Team