राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को बीबीसी के दिल्ली और मुंबई स्थित कार्यालयों में आयकर सर्वेक्षण अभियान को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की और कहा कि ब्रिटिश प्रसारक को निशाना बनाने से दुनिया में देश की बदनामी होगी।
गहलोत ने यह भी मांग की कि केंद्र देश को बीबीसी के कार्यालयों पर ‘छापेमारी’ के कारणों की जानकारी दे।
कोटा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
गहलोत ने कहा, ‘यह समझ से परे है… जिस तरह से आयकर विभाग, सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय छापेमारी कर रहे हैं, वे क्या चाहते हैं।’ उन्होंने कहा कि इन केंद्रीय एजेंसियों को निष्पक्ष और स्वतंत्र होना चाहिए था।
गहलोत ने कहा, ‘अब बीबीसी को निशाना बनाया गया है। दुनिया भर में इसकी विश्वसनीयता है।’
उन्होंने कहा, ‘जब उन्होंने बीबीसी जैसे संगठनों को निशाना बनाया है तो देश को कारण बताया जाना चाहिए और लोगों को इस पर विश्वास में लेना चाहिए, अन्यथा सरकार के साथ-साथ देश की भी बदनामी होगी।’
राज्य विधानसभा में गहलोत की बजट प्रस्तुति का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मजाक उड़ाए जाने का उल्लेख करते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले बजट के दो पैरा केवल 34 सेकंड के लिए पढ़ने की मामूली मानवीय त्रुटि के लिए पूरे राजस्थान को देश में बदनाम किया गया।


Download Android App
Download iOS App



