राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केन्द्रीय सडक परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र लिखकर उनसे राजस्थान के पचपदरा में लगने वाली राष्ट्रीय महत्व की रिफाइनरी सह पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स परियोजना के उत्पादों के सुचारू परिवहन एवं यात्रियों को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-25 पर व्यापक यातायात प्रवाह प्रबंधन योजना शीघ्र बनाने का आग्रह किया है।
गहलोत ने कहा कि इस यातायात प्रबंधन योजना में रिफाइनरी प्रोजेक्ट के आस-पास के क्षेत्रों में एक माल परिवहन गलियारा बनाने के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-25 के जोधपुर-बाड़मेर के पूरे सेक्शन को छह लेन चौडा किया जाए। एक सरकारी बयान में उन्होंने कहा कि इसके साथ ही यात्रियों एवं वाहन चालकों की सुविधा के लिये पार्किंग, विश्रामगृह, रेस्टोरेंट, भारी वाहनों की मरम्मत के लिये सर्विस स्टेशन, ईंधन स्टेशन आदि सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से सर्विस लेन बनाने का प्रावधान भी इस योजना में शामिल किया जाए।
उन्होंने कहा कि परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और अक्टूबर-2022 तक इसके पूरा होने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रिफाइनरी सह पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट के निर्माण के दौरान तथा इसके शुरू होने के बाद बडी संख्या में भारी वाहनों का आवागमन बढेगा और सार्वजनिक तथा निजी परिवहन में भी तेजी से वृद्धि होगी। करीब एक हजार ट्रक एवं टैंकरों का इस सेक्शन से प्रतिदिन आवागमन होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में एनएच-25 का यह सेक्शन बिना डिवाइडर के 2 तथा 4 लेन में ही संचालित हो रहा है।


Download Android App
Download iOS App



