कांग्रेस ने राजस्थान में तीन विधानसभा सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा शनिवार को कर दी। पार्टी ने सहाड़ा सीट पर गायत्री देवी, सुजानगढ़ सीट पर मनोज कुमार मेघवाल व राजसमंद सीट पर तनसुख बोहरा को अपना उम्मीदवार बनाया है।
कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने शनिवार को नई दिल्ली में इसकी घोषणा की। उल्लेखनीय है कि राज्य की सुजानगढ़, राजसमंद और सहाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए 17 अप्रैल को मतदान होना है। भारतीय जनता पार्टी ने सहाड़ा में रतनलाल जाट, सुजानगढ़ में खेमाराम मेघवाल व राजसमंद में दीप्ति माहेश्वरी को अपना उम्मीदवार बनाया है।
वही, दूसरी तरफ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में किसी भी कीमत पर सत्ता में आने के लिए वहां वह बड़ी धनराशि खर्च कर रही है।
गहलोत ने ट्वीट किया, ”भाजपा अपनी सिद्धांत विहीन राजनीति के तहत किसी भी कीमत पर सत्ता पाने के लिए पश्चिम बंगाल में भारी धनराशि झोंक रही है।”’
गहलोत ने कहा, ”पश्चिम बंगाल की जनता उसे सत्ता से दूर रखकर कड़ा जवाब देगी। बंगाल कभी भी भाजपा की इस तरह की सांप्रदायिक और भ्रष्ट राजनीतिक विचारधारा के साथ नहीं जाएगा।” उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में शनिवार को मतदान जारी है।


Download Android App
Download iOS App



