राजस्थान में कांग्रेस सभी जिलों में संगठनात्मक बैठकें करेगी। इसमें पार्टी के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी भाग लेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मंगलवार को कहा कि आगामी समय में सभी जिलों में संगठन की बैठक आयोजित होंगी जिसमें कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में 20 जनवरी को हनुमानगढ़ व गंगानगर में संगठन की बैठकें होंगी।
भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्यों पर करें चर्चा
इस बीच, राज्य में पार्टी के नवनियुक्त ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुई। बैठक में डोटासरा ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की तथा 26 जनवरी से दो माह तक चलने वाले ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ की रूपरेखा पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह है कि कांग्रेस के सभी नेता एवं कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के उद्देश्यों पर चर्चा करें, साथ ही आम जनता को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिलने वाले लाभ की जानकारी प्रदान करें।


Download Android App
Download iOS App



