भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में स्वाईन फ्लू लगातार पैर पसार रहा है लेकिन वह इसकी रोकथाम के लिए कुछ नहीं कर पा रही हैं। श्री सिंह आज यहां गुलाब चंद कटारिया के नेता प्रतिपक्ष चुने जाने की घोषणा करते समय पत्रकारों से यह बात कही।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में स्वाइन फ्लू लगातार पैर पसार रहा है तथा इससे लोगों की मौत हो रही है और कांग्रेस सरकार इस बीमारी की रोक थाम के लिए कुछ नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ग्रह जिले में स्वाइन फ्लू से सबसे ज्यादा मरीज पाए गए हैं और कई मरीजों की इस बीमारी से मौत भी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में जो वादे किए हैं उन्हें पूरा कर पाना उनके लिए बहुत मुश्किल है।
कांग्रेस अभी तक किसानों का कर्जा माफ नहीं कर पाई है, अभी तक कांग्रेस यह तय नहीं कर पाई है कि किन किसानों का कर्जा माफ करना है। श्री सिंह ने कहा कि श्री कटारिया को राजनीति का काफी अच्छा अनुभव है, वह आठवीं बार विधायक बने हैं, प्रदेशाध्यक्ष, गृह मंत्री एवं संगठन के अनेक पदों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
उनके काम करने का तजुर्बा भी एक अलग ही पहचान रखता है। इसलिए उन्हें यह जिम्मेदारी मिली हैं। इससे पहले विधायक दल की बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने विधायकों से आह्वान किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में विधायक एवं संगठन मिलकर लोकसभा चुनाव की तैयारी करेंगे और प्रदेश की 25 की 25 सीटें जीतकर भाजपा की झोली में डालेंगे और एक बार फिर से नरेंद, मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



