विरोध के चक्कर में भाषा की मर्यादा भूले कांग्रेस MLA , मोदी-शाह के लिए अपशब्द का किया इस्तेमाल

Summary :

पेगासस जासूसी कांड को लेकर राजभवन के बाहर आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल हुए गणेश घोघरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्यपाल कलराज मिश्रा के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।

राजनीति में एक-दूसरे का विरोध करते हुए अकसर नेता होनी भाषा की मर्यादा को पार कर जाते हैं। ऐसा ही हुआ राजस्थान युवा कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश घोघरा के साथ। पेगासस जासूसी कांड को लेकर राजभवन के बाहर आयोजित धरना प्रदर्शन में शामिल हुए गणेश घोघरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्यपाल कलराज मिश्रा के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
गणेश घोघरा ने कहा केंद्र सरकार हमारी जासूसी करवा रही है और राज्यपाल उनके दलाल के रूप में यहां बैठे हैं। गणेश घोघरा यहीं नहीं रुके, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को रंगा बिल्ला बताते हुए कहा कि इन दोनों को दौड़ा-दौड़ा कर जूतों से पिटाई करनी चाहिए।
गणेश घोघरा खिलाफ कथित अमर्यादित बयान देने को लेकर बीजेपी पदाधिकारियों ने अशोक नगर थाने में एक परिवाद दायर किया है। वहीं, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और राज्यपाल के खिलाफ घोघरा ने जिस तरीके की टिप्पणी की है वह बेहद निंदनीय और अमर्यादित है।
उन्होंने कहा, ‘‘घोघरा ने जिस रूप में और जिस भाषा का उपयोग किया है, वह कांग्रेस की परंपरागत भाषा है। कांग्रेस अपने आप को संवैधानिक संस्थाओं से ऊपर मानती है… और उनका अपमान करना उसके लिए गौरव की बात है।’’ उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर नहीं है जब देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और राज्यपाल को लेकर ऐसी टिप्पणी की गई है।

Desk Team