राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने रविवार को जिला कलेक्टर के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला प्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक की। उन्होंने हाल ही में घोषित राज्य के बजट के क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
दीया कुमारी ने कहा, “हमने हाल ही में अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें हमने 2024-25 की बजट घोषणाओं की प्रगति के साथ ही साथ फीडबैक प्राप्त करने और उन क्षेत्रों की पहचान करने पर चर्चा की, जहां काम प्रगति पर है। जहां देरी हो रही है और वहां आगे की कार्रवाई की आवश्यकता है। हमने जिला और राज्य स्तर पर इन बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की, जिसमें कुशल निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया गया। इस बजट में अजमेर के लिए घोषणाएं की गई थीं। उन्होंने कहा कि अजमेर में 10 करोड़ रुपये की लागत से पब्लिक लाइब्रेरी और एंट्री प्लाजा का निर्माण होगा, 50 करोड़ रुपये की लागत से जेएलएन मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
ब्यावर जिले के बिजयनगर में स्कूली छात्राओं के साथ ब्लैकमेलिंग की हालिया घटना पर उन्होंने कहा कि पुलिस अपना कार्य कर रही है और जो भी दोषी होगा, उसे सजा मिलेगी। पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी और दोषियों को सजा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी और अपराधियों को कानून के दायरे में सजा दिलाई जाएगी।
राजस्थान में आयोजित होने वाले आईफा अवॉर्ड्स के बारे में उन्होंने कहा कि यह आयोजन राजस्थान के लिए बेहद खास है क्योंकि यह एक अंतर्राष्ट्रीय अवॉर्ड समारोह है। इससे यकीनन राजस्थान में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा। राजस्थान को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी। राजस्थान की संस्कृति से अन्य भी रू-ब-रू हो सकेंगे। यह आयोजन राजस्थान के हित में है।


Download Android App
Download iOS App



