कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भारत-पाकिस्तान मैच पर उठाए सवाल

Summary :

भारत-पाक मैच पर राशिद अल्वी ने केंद्र सरकार पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भारत-पाकिस्तान मैच पर सवाल उठाते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच खटास भरे संबंधों को देखते हुए यह आश्चर्य की बात है कि केंद्र सरकार ने भारतीय टीम को पाकिस्तान के साथ खेलने की अनुमति दे दी।

कांग्रेस नेता ने कहा, “मुझे ताज्जुब है कि भारत सरकार, पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच खेलने की अनुमति दे रही है। जो देश हमारे फौजियों को कश्मीर में मारता है, उसके साथ क्रिकेट खेला जा रहा है। मुझे लगता है कि पीएम मोदी नवाज शरीफ द्वारा खिलाई गई बिरयानी का जायका अब तक भूले नहीं हैं। मैं इस क्रिकेट मैच की निंदा करता हूं।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एनसीपी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार के साथ मंच साझा किया था। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता को सम्मान के साथ कुर्सी पर बैठाया था और उनके लिए ग्लास में पानी भी भरा था। दोनों नेताओं के बीच की केमिस्ट्री की तस्वीरें वायरल होने के बाद सियासत तेज हो गई है। हालांकि, राशिद अल्वी ने नए गठबंधन की संभावनाओं से इनकार किया।

उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “शरद पवार एक सीनियर लीडर हैं। पूरा हिंदुस्तान जानता है कि प्रधानमंत्री ने शरद पवार की बेइज्जती की थी और उनके भतीजे अजित पवार को तोड़ लिया। मुझे नहीं लगता है कि इन सब बातों के बावजूद शरद पवार कोई ऐसा कदम उठाएंगे, जिससे ऐसा लगेगा कि वह प्रधानमंत्री के चक्रव्यूह में फंस गए हैं।”

उन्होंने कांग्रेस नेता शशि थरूर के ‘जनाधार वाले’ बयान पर कहा, “थरूर ने अपने संसदीय क्षेत्र लोकसभा में अपनी मजबूत स्थिति को लेकर ऐसा बयान दिया है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि थरूर या ऐसे नेता जो जमीन पर बहुत अच्छी स्थिति में हैं, उन्हें पार्टी में मेनस्ट्रीम में लाना चाहिए, जिससे कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो इससे पार्टी को नुकसान हो सकता है।”

राशिद अल्वी ने नीतीश कुमार के बेटे के राजनीति में आने को लेकर कहा, “मुझे लगता है कि यह सवाल पीएम मोदी से पूछना चाहिए, क्योंकि वह परिवारवाद के खिलाफ हैं। बिहार में उनकी सरकार है और भाजपा के समर्थन से वहां सरकार चल रही है। उनसे (प्रधानमंत्री से) सवाल पूछना चाहिए कि क्या बिहार के अंदर परिवार चलेगा, और दिल्ली में परिवारवाद नहीं चलेगा? नेहरू-गांधी परिवार पर हमला किया जाता है और नीतीश कुमार के परिवारवाद को सपोर्ट किया जाता है।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.