केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को जोधपुर अपने संसदीय क्षेत्र में दिशा समिति की बैठक ली। इस बैठक में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, पाली सांसद पीपी चौधरी, जोधपुर में आने वाली विधानसभाओं के विधायकगण उपस्थित रहे।
बैठक में जोधपुर संसदीय क्षेत्र में आने वाले जोधपुर, फलोदी और पाली जिले के जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में केंद्र और राज्य बजट के क्रियान्वयन, विकास से जुड़े मुद्दे, और जनप्रतिनिधियों की समस्याओं के निराकरण पर चर्चा हुई।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाएं, जो राज्य सरकार के माध्यम से कार्यान्वित की जाती हैं, उनकी प्रगति की समीक्षा के लिए व्यवस्थाएं बनाई गई हैं। इन व्यवस्थाओं से फीडबैक प्राप्त करने के उद्देश्य से आज दिशा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई, विशेष रूप से पेयजल की समस्याओं पर ध्यान दिया गया। पश्चिमी क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी के कारण गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या बनी रहती है, इस विषय पर भी गहन विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने बताया कि छह मुख्य बिंदुओं – शिक्षा, चिकित्सा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता और पेयजल के बारे में विस्तार से बातचीत हुई। निश्चित रूप से सभी क्षेत्रों में गुणात्मक सुधार देखने को मिलेगा। सफाई व्यवस्था शहर में सुनिश्चित हो, इसको लेकर जो चिंताएं थीं, उन्हें अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



